जबलपुरः एसपी ने किया रांझी थाने का वार्षिक निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः एसपी ने किया रांझी थाने का वार्षिक निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश


जबलपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने शनिवार को थाना रांझी का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीश कुमार साहू और थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने के मालखाने का जायजा लेते हुए जब्त सामग्री, आर्म्स-एम्युनेशन और राइट ड्रिल सामग्री के रखरखाव की जांच की। उन्होंने हवालात का निरीक्षण करने के साथ ही थाने में संधारित किए जाने वाले विभिन्न रजिस्टरों और शिकायत रजिस्टर को भी चेक किया।

एसपी ने साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड और मोबाइल गुमने जैसी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाने में दर्ज अपराधों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई से संबंधित लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण और शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और समाज के कमजोर वर्गों की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या हो तो तत्काल अवगत कराएं, ताकि प्राथमिकता के आधार पर उसका निराकरण किया जा सके। थाना भवन के निरीक्षण के बाद उन्होंने थाने के बाहरी परिसर का भी जायजा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story