जबलपुर : एसपी ने सुनीं शिकायतें, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : एसपी ने सुनीं शिकायतें, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश


जबलपुर, 02 जून (हि.स.)। आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से मंगलवार को मध्‍य प्रदेश के जबलपुर जिले के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया।

जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में कुल 75 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश मामले पति-पत्नी एवं पारिवारिक विवाद, भूमि संबंधी विवाद, मारपीट तथा साइबर अपराध से जुड़े थे। पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतकर्ताओं को उनकी शिकायतों पर शीघ्र एवं नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

एसपी ने जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों के समयबद्ध निराकरण के लिए संबंधित थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान पुलिस की प्राथमिकता है।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अंजना तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा तथा उप पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आकांक्षा उपाध्याय भी उपस्थित रहीं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा भी अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई कर नागरिकों की शिकायतें सुनी गईं और उनके निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story