बडवानी : गलतफहमी में बेटे ने की पिता की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बडवानी : गलतफहमी में बेटे ने की पिता की हत्या, आरोपित गिरफ्तार


बड़वानी, 24 फरवरी (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के बडवानी जिले के पाटी थाना क्षेत्र के ग्राम ओसाडा स्थित चंदनदेवी फलिया में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पुत्र ने लाठी से हमला कर अपने ही पिता की जान ले ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

पाटी थाना प्रभारी रामदास यादव के अनुसार, देर रात पुलिस को सूचना मिली कि पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि मृतक दयाराम सोमवार को गांव के तालाब से मछली पकड़कर घर लाए थे। रात में भोजन के दौरान वे अपने बड़े बेटे के बच्चे को किसी बात पर डांट रहे थे।

इसी दौरान उनका छोटा बेटा उमा उर्फ उमेश वहां पहुंचा। उसे गलतफहमी हुई कि पिता उसे डांट रहे हैं।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में उमेश ने लाठी से पिता पर हमला कर दिया। हमले में दयाराम को नाक और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपित उमेश को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय कारागार भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / Rajesh Rathore

Share this story