उज्जैनः सोमतीर्थ रंगाई-पुताई के साथ तैयार, सोमवार को होगा फव्वारा स्नान

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैनः सोमतीर्थ रंगाई-पुताई के साथ तैयार, सोमवार को होगा फव्वारा स्नान


उज्जैन, 14 जून (हि.स.)। सोमवार को सोमवती अमावस्या है। मध्य प्रदेश के उज्जैन में शिप्रा तट के समीप स्थित सोमतीर्थ शनिवार तक अपने उद्धार की बांट जोह रहा था। रविवार को सोमतीर्थ कुण्ड रंगाई-पुताई के साथ तीर्थ स्नान हेतु तैयार हो गया है।

हालांकि क्षेत्र के श्रद्धालुओं का आरोप है कि कुण्ड की बॉटम से मिट्टी आदि ठीक तरह से नहीं उठाई गई। जैसे ही कुण्ड में पानी भरने का काम शुरू हुआ,वह मटमैला हो गया। फिर भी बाहर से आनेवाले हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र सोमतीर्थ कुण्ड ठीक हो गया है।

निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा के अनुसार उन्होने रविवार को क्षेत्र का निरीक्षण किया और सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश अमले को दिए। उन्होने बताया कि सोमतीर्थ कुंड पर निगम द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई है।

चैंजिंग रूम थे अव्यवस्थित

अधिकमास के दौरान सोमवार को सोमवती अमावस्या के पर्व स्नान को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम-प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ सोमतीर्थ कुंड एवं रामघाट पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। निगमायुक्त ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि हरसिद्धि पाल से रामघाट मार्ग तक चौड़ीकरण के दौरान आवश्यक बेरिकेटिंग करें। पर्व स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, घाटों पर सफाई एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखे। निगम द्वारा सोमतीर्थ पर श्रद्धालुओं के स्नान हेतु फव्वारों की व्यवस्था, मार्ग के सूचना संकेतक बोर्ड, समतलीकरण,कंट्रोल रूम, महिला एवं पुरुषों के लिए पृथक चेंजिंग रूम, टेंट-शामियाने, पार्किंग स्थल तथा चलित शौचालयों एवं सफाई की पर्याप्त व्यवस्था की है। प्रमुख घाटों पर शिफ्ट वार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिससे सफाई, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाएं निरंतर संचालित हो सकें। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल रहेगा।

निरीक्षण के दौरान एडीएम अत्येंद्र सिंह गुर्जर, एएसपी आलोक शर्मा, अपर आयुक्त नगर निगम पवन कुमार सिंह,उपायुक्त संजेश गुप्ता,मनोज मौर्य,कार्यपालन यंत्री जगदीश मालवीय, सहायक यंत्री निर्झर शुक्ला,जनसंपर्क अधिकारी पवन कुमार, जोनल अधिकारी श्यामसुंदर शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी हरीश व्यास, महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story