जबलपुर : खेलते समय कक्षा 7वीं के छात्र को सांप ने काटा, समय पर इलाज मिलने से बची जान

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : खेलते समय कक्षा 7वीं के छात्र को सांप ने काटा, समय पर इलाज मिलने से बची जान


जबलपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार को क्राइस्ट चर्च स्कूल के खेल मैदान में खेलते समय कक्षा 7वीं के एक छात्र को सांप ने काट लिया। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए छात्र को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने समय रहते उपचार शुरू किया। फिलहाल छात्र की हालत स्थिर बताई जा रही है।

जिला अस्पताल के डॉक्टर की टीम ने फिर से बच्चे की जांच करने के बाद पाया कि उसकी हालत में सुधार है और वह अब खतरे से बाहर है।

जानकारी के अनुसार, 12 वर्षीय अमजद खान दोपहर के अवकाश के दौरान अपने साथियों के साथ स्कूल के खेल मैदान में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक उसके पैर में सांप ने डस लिया। छात्र के दर्द से कराहने पर स्कूल स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा और बिना समय गंवाए उसे जिला अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के दौरान छात्र के पैर पर सांप के दांतों के निशान पाए। प्रारंभिक परीक्षण में न तो अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और न ही सूजन दिखाई दी, लेकिन ब्लड कोगुलेशन (खून के थक्के बनने की क्षमता) की जांच में असामान्यता मिलने पर डॉक्टरों ने एहतियातन तत्काल एंटी-स्नेक वेनम सहित आवश्यक उपचार शुरू कर दिया।

करीब छह घंटे बाद दोबारा की गई जांच में छात्र की स्थिति में सुधार दर्ज किया गया। चिकित्सकों के अनुसार अमजद खान की हालत फिलहाल पूरी तरह स्थिर है। उसे एहतियात के तौर पर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है और उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story