अनूपपुर: छह वर्षो का इंतजार समाप्त वेंकटनगर स्टेशन पर रुकेगी नर्मदा एक्सप्रेस
अनूपपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले का वेंकटनगर रेलवे स्टेशन को बुधवार को इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव एक बार फिर शुरू होने जा रहा है।
कोरोना काल में बंद हुए इस ठहराव को बहाल करने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सहमति दे दी है। इस फैसले से क्षेत्र के दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और मरीजों को आवाजाही में बड़ी राहत मिलेगी। ज्ञात हो कि छत्तीैसगढ़ का प्रवेश द्वार कहे जाने वाला वेंकटनगर रेलवे स्टेशन जहां इंजन छग में तो बोगी मप्र में होती हैं।
सांसद के पत्र पर रेली मंत्री ने दी सूचना
वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान वेंकटनगर स्टेशन पर नर्मदा एक्सप्रेस का ठहराव बंद कर दिया गया था। सांसद हिमाद्री सिंह ने 30 जुलाई को पत्र भेजकर और रेल मंत्री से मिलकर इसे दोबारा शुरू कराने का अनुरोध किया था। रेल मंत्री ने 12 अगस्त को पत्र जारी कर मांग स्वीकार कर ली, हालांकि ट्रेन रुकने की तय तारीख और समय-सारणी का घोषणा होना बाकी है।
6 साल से परेशान थे यात्री
पिछले छह वर्षो से स्थानीय लोग, व्यापारी और छात्र ट्रेन के ठहराव की लगातार मांग कर रहे थे। ट्रेन बंद होने के कारण अनूपपुर और जैतहरी जाने के लिए लोगों को रोजाना 200 से 300 रुपये बस किराए पर खर्च करने पड़ रहे थे। ठहराव की मंजूरी मिलने के बाद अब स्थानीय लोगों को रेलवे विभाग द्वारा औपचारिक समय-सारणी जारी होने की प्रतीक्षा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

