राजगढ़ःसिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर जिला पुलिस का 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःसिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर जिला पुलिस का 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू


राजगढ़, 01 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार को सिंहस्थ महापर्व-2028 को सुरक्षित,सुव्यवस्थित और सफल बनाने के उद्देश्य से पुलिस नियंत्रण कक्ष में छह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

यह प्रशिक्षण पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बड़े धार्मिक आयोजनों, आपातकालीन परिस्थितियों तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों के लिए व्यवहारिक और तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है। प्रथम दिवस के सत्र में 65 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल. बंजारे, एसडीओपी राजगढ़ अरविंद राठौर, रक्षित निरीक्षक उर्मिला चैहान तथा कंट्रोल रूम प्रभारी दीपक रघुवंशी ने विभिन्न विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। प्रतिभागियों को भीड़ नियंत्रण,यातायात प्रबंधन,कानून- व्यवस्था संधारण,आपदा प्रबंधन, आपातकालीन प्रतिक्रिया,सामुदायिक पुलिसिंग,श्रद्धालुओं की सुरक्षा,वीआईपी ड्यूटी, संचार एवं समन्वय, चिकित्सा सहायता, असूचना संकलन, सीसीटीवी निगरानी और आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

एसपी ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता प्रशिक्षित और दक्ष पुलिस बल पर निर्भर करती है। उन्होंने त्वरित निर्णय क्षमता, संसाधनों के बेहतर उपयोग और समन्वित कार्यप्रणाली के महत्व पर जोर दिया। छह दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में तैयार किए गए अधिकारी और कर्मचारी आगे जिले के अन्य पुलिसकर्मियों को भी प्रशिक्षित करेंगे। राजगढ़ पुलिस का लक्ष्य सिंहस्थ-2028 सहित भविष्य के सभी बड़े आयोजनों और आपात स्थितियों के लिए एक सक्षम, अनुशासित और तकनीक- संपन्न पुलिस बल तैयार करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story