मंदसौर में एमडी फैक्ट्री मामले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, सीतामऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौर में एमडी फैक्ट्री मामले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, सीतामऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई


मंदसौर, 20 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले के ग्राम सुरजना स्थित एमडी ड्रग फैक्ट्री मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को सीतामऊ पुलिस और गरोठ थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को पकड़कर पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 8 फरवरी 2026 को गरोठ थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम सुरजना में धनराज सिकलीगर के खेत स्थित कुएं के पास दबिश दी थी। कार्रवाई के दौरान अवैध एमडी ड्रग निर्माण से जुड़े मामले का खुलासा हुआ था। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 22 और 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस अब तक मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं लंबे समय से फरार चल रहे मास्टरमाइंड आरोपी होकमसिंह पुत्र दुर्गासिंह सोधिया राजपूत (29) निवासी दसोरिया थाना गरोठ को अब गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे मिली जानकारी के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य अहम खुलासे भी हो सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story