इंदौरः जिले में एसआईआर का कार्य तेज गति से जारी, निर्धारित समय से पूर्व होगा लक्ष्य पूर्ण

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः जिले में एसआईआर का कार्य तेज गति से जारी, निर्धारित समय से पूर्व होगा लक्ष्य पूर्ण


इंदौरः जिले में एसआईआर का कार्य तेज गति से जारी, निर्धारित समय से पूर्व होगा लक्ष्य पूर्ण


- भारत निर्वाचन आयोग के सचिव ने की इंदौर जिले में हो रहे कार्यों की सराहना की

इंदौर, 01 दिसम्बर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के सचिव विनोद कुमार ने मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्यों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि इंदौर में यह अभियान पूर्ण पारदर्शिता, टीम भावना, गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली तथा तकनीक के प्रभावी उपयोग के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि इसी गति से कार्य जारी रहा तो इंदौर जिला अपने निर्धारित लक्ष्य को समय सीमा के भीतर अवश्य प्राप्त कर लेगा।

विनोद कुमार सोमवार को इंदौर में आयोजित समीक्षा बैठक में विधानसभा-वार प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इंदौर में किए जा रहे नवाचार अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायक हैं। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी नवजीवन विजय पवार, सहायक उप जिला निर्वाचन अधिकारी तथा संयुक्त कलेक्टर अजीत श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

सचिव विनोद कुमार ने बूथ लेवल अधिकारियों और सुपरवाइजर से भी सीधी बातचीत की। उनसे क्षेत्रवार प्रगति, अनुभव और समस्याओं की जानकारी ली तथा समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक विधानसभा क्षेत्र के सफल नवाचारों को अन्य क्षेत्रों में भी अपनाया जाए, जिससे अभियान और अधिक प्रभावी हो सके।

उन्होंने बताया कि पिछली बैठक में प्रगति अपेक्षाकृत कम दिखाई दे रही थी, लेकिन अल्प समय में इंदौर ने जिस गति और गुणवत्ता के साथ कार्य किया है, वह वाकई प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि इतना बेहतर परिणाम मिलेगा, यह विश्वास नहीं था। इंदौर जिले में उत्कृष्ट प्रगति दिखाई दे रही है।

उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध लक्ष्य पूर्ति के लिए अधिकतम प्रयास करने के निर्देश भी दिए। सचिव विनोद कुमार ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इसे गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पूर्ण किया जाना आवश्यक है।

बैठक में अपर कलेक्टर तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी नवजीवन विजय पवार ने मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने इंदौर जिले में किए जा रहे नवाचारों के बारे में भी बताया। आयोग के सचिव विनोद कुमार ने नवाचारों की सराहना की और अनुकरणीय बताया।

बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 28 लाख 67 हजार 294 मतदाता है, इनमें से 20 लाख 13 हजार 850 मतदाताओं की जानकारी डिजिटाइजेशन हो गई है। इस तरह जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य 70 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो गया है। तेज गति से कार्य जारी है। लक्ष्य निर्धारित समय के पूर्व पूर्ण हो जाएगा। बताया गया कि जिले में विधानसभा क्षेत्र देपालपुर में 82.35 प्रतिशत, इंदौर-1 में 63.37 प्रतिशत, इंदौर-2 में 60.82 प्रतिशत, इंदौर-3 में 67.76 प्रतिशत, इंदौर-4 में 64.34 प्रतिशत, इंदौर-5 में 62.99 प्रतिशत, महू में 81.64 प्रतिशत, राऊ में 65.95 तथा सांवेर में लगभग शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है।

एसआईआर में शत प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति करने वाला पहला विधानसभा क्षेत्र बना सांवेर

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) के तहत जिला इंदौर में विधानसभा सांवेर ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। पुनरीक्षण कार्य में तकनीकी दक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए सांवेर विधानसभा क्षेत्र द्वारा सर्वप्रथम 100 प्रतिशत ई-फॉर्म (EF) डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण किया गया है, जो पूरे जिले के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण है।

इस उपलब्धि की प्रशंसा करते हुए भारत निर्वाचन आयोग के सचिव विनोद कुमार तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी नवजीवन विजय पवार ने सांवेर टीम को कलेक्टर कार्यालय में सम्मानित किया। सम्मानित अधिकारियों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी घनश्याम धनगर, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पूनम तोमर, विकास रघुवंशी, शिवशंकर जारोलिया शामिल थे। इस उपलब्धि को टीम भावना, समयबद्धता और तकनीक के प्रभावी उपयोग का परिणाम बताते हुए भविष्य में भी इसी तरह की पारदर्शी एवं गुणवत्ता आधारित कार्यप्रणाली जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story