सिंगरौली में हाईवा की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

WhatsApp Channel Join Now
सिंगरौली में हाईवा की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम


सिंगरौली, 20 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत महुआ गांव के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। गिट्टी से भरे एक हाईवा वाहन की टक्कर से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। मृतक की पहचान बंजारी गांव निवासी राजकुमार साहू के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाईवा और मोटरसाइकिल की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके हिस्से सड़क पर दूर तक बिखर गए।

परिजनों और ग्रामीणों ने जताया आक्रोश

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही तथा सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मौके पर पहुंचा प्रशासन, समझाइश जारी

स्थिति की जानकारी मिलते ही सरई थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। अधिकारियों द्वारा परिजनों और ग्रामीणों से लगातार चर्चा कर यातायात बहाल कराने के प्रयास किए गए। सरई थाना प्रभारी राकेश साहू ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा संबंधित वाहन और चालक के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।

जांच शुरू, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की रफ्तार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में प्रभावी यातायात नियंत्रण और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story