सिंगरौली में बारातियों से भरा ऑटो पलटा, 24 घायल, दो की हालत गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
सिंगरौली में बारातियों से भरा ऑटो पलटा, 24 घायल, दो की हालत गंभीर


सिंगरौली, 01 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में शुक्रवार को बारातियों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में करीब 24 लोग घायल हो गए। हादसा बरका और दुधमनिया गांव के बीच खाखीपार के पास हुआ। सभी यात्री बरका गांव के निवासी थे, जो चौथ की रस्म के लिए दुधमनिया जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार हादसे में घायल दो युवकों 22 वर्षीय बंसमणि साहू और 25 वर्षीय रामलाल बादी की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बैढ़न के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज सरई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है, जहां डॉक्टरों ने उन्हें फिलहाल खतरे से बाहर बताया है।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक जांच में हादसे की वजह ऑटो में ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार बताई जा रही है। सरई थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदोरिया के अनुसार वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिससे चालक संतुलन खो बैठा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story