सिंगरौली में धू-धू कर जला तेंदूपत्ता लदा ट्रक, आग की लपटों में पूरा वाहन राख, चालक-खलासी ने कूदकर बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
सिंगरौली में धू-धू कर जला तेंदूपत्ता लदा ट्रक, आग की लपटों में पूरा वाहन राख, चालक-खलासी ने कूदकर बचाई जान


सिंगरौली, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के लघाडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत डोगरी इलाके में गुरुवार दोपहर तेंदूपत्ता से लदे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और ट्रक धू-धू कर जलने लगा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की भयावह लपटें दूर तक दिखाई दे रही हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि चालक और खलासी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। स्थिति बिगड़ती देख दोनों ने तुरंत ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे में दोनों सुरक्षित हैं, लेकिन ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस एवं वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही लघाडोल थाना पुलिस और वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई।

हालांकि आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही ट्रक में भरा अधिकांश तेंदूपत्ता जल चुका था। आग पर काबू पाने तक वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। लघाडोल थाना पुलिस के मुताबिक सूचना मिलते ही टीम को मौके पर रवाना किया गया था, लेकिन तब तक करीब 90 प्रतिशत तेंदूपत्ता जल चुका था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story