सिंगरौली: मृत कर्मचारी के बेटे से 4 हजार की रिश्वत लेते सिंचाई विभाग का बड़ा बाबू गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सिंगरौली: मृत कर्मचारी के बेटे से 4 हजार की रिश्वत लेते सिंचाई विभाग का बड़ा बाबू गिरफ्तार


सिंगरौली, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिंगराैली में मृत कर्मचारी के बेटे को बीमा राशि दिलाने के बदले 4 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में रीवा लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को सिंचाई विभाग के बड़े बाबू दिनेश कुमार श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया। लोकायुक्त की टीम ने बैढ़न बस स्टैंड तिराहे के पास एक ऑनलाइन दुकान में ट्रैप कार्रवाई की। शिकायतकर्ता की शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने यह कार्रवाई की। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

शिकायतकर्ता रंजन साकेत के मुताबिक, उनके पिता रामकृष्ण साकेत सिंचाई विभाग में कार्यरत थे और करीब दो साल पहले सेवानिवृत्त हुए थे। लगभग डेढ़ साल पहले उनका निधन हो गया। इसके बाद परिवार को विभाग से बीमा के 70 हजार रुपए मिलने थे। आरोप है कि बीमा राशि जारी कराने की प्रक्रिया के दौरान रंजन को विभाग के बड़े बाबू दिनेश कुमार श्रीवास्तव से संपर्क करना पड़ा। रंजन का आरोप है कि बीमा राशि जारी कराने और संबंधित प्रक्रिया पूरी करने के बदले उनसे 4 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह यह रकम नहीं देना चाहते थे। इसके बाद उन्होंने रीवा लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत का सत्यापन कर बिछाया जाल

लोकायुक्त की ट्रैप कार्रवाई करने वाले निरीक्षक एस. राम मरावी के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद टीम ने पहले रिश्वत मांगने के आरोप का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई गई। गुरुवार को बैढ़न बस स्टैंड तिराहे के पास स्थित एक ऑनलाइन दुकान में कार्रवाई की गई। लोकायुक्त टीम ने यहां दिनेश कुमार श्रीवास्तव को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक प्रक्रिया शुरू की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761554 Articles

Share this story