सिंगरौली: रिलायंस कोल माइंस में हादसा, मशीन पलटने से ऑपरेटर की मौत, परिजनों का विरोध प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
सिंगरौली: रिलायंस कोल माइंस में हादसा, मशीन पलटने से ऑपरेटर की मौत, परिजनों का विरोध प्रदर्शन


सिंगरौली, 10 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के नवानगर थाना क्षेत्र स्थित रिलायंस कोल माइंस में बुधवार को हुए एक औद्योगिक हादसे में मशीन ऑपरेटर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब खदान में कार्य के दौरान पीसी मशीन अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के बाद खदान परिसर में तनाव की स्थिति बन गई और मृतक के परिजनों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मृतक की पहचान शासन चौकी क्षेत्र के सिद्धिकला गांव निवासी इंद्रभान यादव के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में खदान के मुख्य गेट पर पहुंच गए। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों को मौके पर भेजा। खदान के मुख्य प्रवेश द्वार पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के चाचा दुर्गेश यादव ने कंपनी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि हादसे के बाद परिवार को घटनास्थल देखने की अनुमति नहीं दी गई। उनका कहना है कि परिजन मौके का निरीक्षण करना चाहते थे, लेकिन उनकी मांग नहीं मानी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिजनों को सूचना दिए बिना शव को घटनास्थल से हटाकर अस्पताल पहुंचा दिया गया। परिजनों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि हादसे की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकें।

पुलिस ने शुरू की जांच

नवानगर थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि हादसे की सूचना कंपनी प्रबंधन द्वारा पुलिस को दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। उन्होंने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मशीन पलटने से ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसकी बाद में मृत्यु हो गई। पुलिस हादसे के कारणों, सुरक्षा मानकों के पालन और संभावित लापरवाही की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि जांच में यदि किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन के तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की नजर, माहौल तनावपूर्ण

हादसे के बाद खदान क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और परिजनों से संवाद कर उन्हें शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं। इस बीच स्थानीय लोगों ने भी खदानों में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं, जबकि परिजन हादसे की निष्पक्ष जांच और उचित मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story