सिंगरौली के चितरंगी में डिप्टी रेंजर का वीडियो वायरल, सार्वजनिक स्थान पर हंगामे के आरोप

WhatsApp Channel Join Now
सिंगरौली के चितरंगी में डिप्टी रेंजर का वीडियो वायरल, सार्वजनिक स्थान पर हंगामे के आरोप


स्थानीय लोगों ने नशे में अभद्र व्यवहार करने का लगाया आरोप, डीएफओ ने दिए जांच के निर्देश

सिंगरौली, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के चितरंगी क्षेत्र में पदस्थ एक डिप्टी रेंजर का वीडियो बुधवार काे सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में वन विभाग के अधिकारी सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारी नशे की हालत में थे और उन्होंने लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया। हालांकि, वीडियो की परिस्थितियों और आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे चितरंगी के मुख्य चौराहे की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में डिप्टी रेंजर बीबी सिंह एक ठेले पर खड़े नजर आ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस दौरान उनकी वहां मौजूद लोगों से कहासुनी हुई और उन्होंने कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। घटनास्थल पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

जांच के बाद होगी कार्रवाई: डीएफओ

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंगरौली वन मंडल के डीएफओ अखिल बंसल ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, वायरल वीडियो और उससे जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story