सिंगरौली में दिनदहाड़े बैंक ऑफ महाराष्ट्र में डकैती, हथियारबंद 5 बदमाश 35 लाख रूपये लूटकर फरार

WhatsApp Channel Join Now
सिंगरौली में दिनदहाड़े बैंक ऑफ महाराष्ट्र में डकैती, हथियारबंद 5 बदमाश 35 लाख रूपये लूटकर फरार


सिंगरौली में दिनदहाड़े बैंक ऑफ महाराष्ट्र में डकैती, हथियारबंद 5 बदमाश 35 लाख रूपये लूटकर फरार


सिंगरौली, 17 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में शुक्रवार दाेपहर को दिनदहाड़े एक बड़ी और सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई। बैंक ऑफ महाराष्ट्र की बैढ़न शाखा में पांच हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर करीब 30 से 35 लाख रुपए नकद और अन्य कीमती सामान लूट लिया।

जानकारी अनुसार घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो बदमाश पहले बैंक में घुसे और हथियार दिखाकर कर्मचारियों व ग्राहकों को बंधक बना लिया। कुछ ही देर में तीन अन्य साथी भी अंदर पहुंच गए। बदमाशों ने पूरे बैंक पर कब्जा कर लिया और सभी को बंदूक की नोक पर जमीन पर बैठा दिया। बैंक के अंदर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। पूरा घटनाक्रम करीब 15 से 20 मिनट तक चला।

मैनेजर को पीटा, बंदूक की बट से किया हमला

लूट के दौरान बदमाशों ने बैंक मैनेजर से कैश की जानकारी और चाबियां मांगीं। विरोध करने पर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और बंदूक की बट से सिर पर हमला किया गया। इसके बाद बदमाश कैश काउंटर से नगदी और एक पेटी में रखा पैसा लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि करीब 14:50 लाख रुपए कल के रखे थे। बाकी आज का उस समय तक का कलेक्शन था। इसके अलावा, सोना–चांदी भी था। फिलहाल, कुल कितने का सामान ले गए हैं, इसका सटीक आकलन बताना मुश्किल है।

गार्ड नहीं था, दहशत फैलाने के लिए की फायरिंग

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के समय बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था। बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए एक राउंड फायरिंग भी की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक बदमाश हेलमेट पहने हुए था जबकि बाकी चार के चेहरे खुले थे।

पुलिस ने की घेराबंदी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सिंगरौली एसपी मनीष खत्री मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। सिंगरौली एसपी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बैंक ऑफ महाराष्ट्र में पांच लोगों ने डकैती डाली है। पांच बदमाशों ने स्टाफ को कब्जे में लिया। इसके बाद कैश और जेवर लेकर बाइक से भागे हैं। पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी कर सभी एग्जिट पॉइंट्स पर नाकाबंदी कर दी गई है। बैंक और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। एसपी ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

वहीं दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बैंक में गार्ड की अनुपस्थिति और इतनी आसानी से लुटेरों का फरार हो जाना सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story