मप्र के सीधी में मैहर से पिकनिक मनाने पहुंचे चार युवक-युवतियां सोन नदी में डूबे, एक का शव बरामद

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के सीधी में मैहर से पिकनिक मनाने पहुंचे चार युवक-युवतियां सोन नदी में डूबे, एक का शव बरामद


- अन्य तीन की तलाश जारी

सीधी, 15 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र स्थित सोन नदी के भंवरसेन घाट पर सोमवार दोपहर मैहर से पिकनिक मनाने आए चार युवक-युवतियां डूब गए। इनमें से एक युवती का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, मैहर जिले के चार लाेग सोमवार को पिकनिक मनाने के लिए भंवरसेन घाट पहुंचे थे। सभी लोग नदी में नहा रहे थे, तभी वे गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए। इस हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार आशीष मिश्रा, रामपुर नैकिन थाना पुलिस और खड्डी चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान एक युवती का शव घटनास्थल से लगभग आधा किलोमीटर दूर नदी में तैरता हुआ मिला। शव की पहचान ज्योति सेन (24) निवासी बूढ़ा बाउर, थाना रामनगर, जिला मैहर के रूप में हुई है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

तहसीलदार आशीष मिश्रा ने बताया कि बचाव दल को तत्काल बुलाया गया है। पुलिस और रेस्क्यू टीम नदी में लापता अन्य तीन लोगों की लगातार तलाश कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि सभी गहरे भंवर में फंस गए थे, जिससे वे बाहर नहीं निकल पाए। नदी के गहरे भंवर और तेज बहाव के कारण यह क्षेत्र खतरनाक माना जाता है। प्रशासन की निगरानी में रेस्क्यू अभियान जारी है।

उन्होंने बताया कि हादसे में लापता हुए लोगों में सुभि सेन (15) पुत्र रामदयाल सेन, नीलू बैस (22) पुत्र लल्लू बैस (दोनों निवासी बूढ़ा बाउर, जिला मैहर) और लखन केवट (26) पुत्र मोहनलाल केवट, निवासी घोगटपुर, जिला राजगढ़ शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story