जबलपुरः रजत गणेश मंदिर में सहस्त्रार्चन और भव्य आरती संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः रजत गणेश मंदिर में सहस्त्रार्चन और भव्य आरती संपन्न


जबलपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में ललपुर रोड, ग्वारीघाट स्थित श्री रजत गणेश मंदिर में मंगलवार को भगवान श्री गणेश का सहस्त्रार्चन एवं भव्य आरती का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश उमेश चंद्र माहेश्वरी द्वारा प्रेषित विशेष व्याख्यात्मक संदेश श्री रजत गणेश मंदिर के महंत स्वामी प्रमोद महाराज द्वारा उपस्थित श्रद्धालुओं के समक्ष पढ़ा गया। अपने संदेश में उन्होंने भगवान श्री गणेश के स्वरूप, उनकी महिमा और जीवन में उनके आदर्शों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

पूर्व न्यायाधीश ने अपने संदेश में कहा कि भगवान श्री गणेश बुद्धि, विवेक और विघ्नहर्ता के प्रतीक हैं। किसी भी कार्य का शुभारंभ गणेश पूजन से करने का तात्पर्य अपने भीतर सकारात्मकता और सही विवेक को जागृत करना है। उनके स्वरूप से हमें धैर्यपूर्वक सुनने, सूक्ष्म दृष्टि से विचार करने और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की प्रेरणा मिलती है।

धर्म का वास्तविक आचरण ही जीवन के सभी विघ्नों को दूर करता है।

इस पावन अवसर पर रामलला मंदिर के महंत पंडित इंद्रभानु महाराज, सुरेश शारदा, राजेश चौहान एवं एम. एल. अहिरवार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. रवि राय द्वारा किया गया। आरती एवं प्रसाद वितरण के उपरांत भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story