राजगढ़ः हनुमान मंदिर हराना में सात दिवसीय श्रीराम कथा और महायज्ञ का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः हनुमान मंदिर हराना में सात दिवसीय श्रीराम कथा और महायज्ञ का शुभारंभ


राजगढ़, 23 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर के ग्राम हराना स्थित हनुमान मंदिर परिसर में शनिवार से सात दिवसीय श्रीराम कथा एवं श्रीराम महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ। आयोजन की शुरुआत भव्य शोभायात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्य यजमानों का यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न कराया गया और विश्व कल्याण की कामना के साथ यज्ञ प्रारंभ किया गया।

इस महायज्ञ का संचालन यज्ञाचार्य पंडित मोहनलाल व्यास एवं पंडित पंकज व्यास द्वारा किया जा रहा है। मुख्य यजमान कैलाश पटेल, नाथूलाल चैधरी सहित अन्य यजमान क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए आहुतियां दे रहे हैं। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है और यज्ञशाला की परिक्रमा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। 23 से 29 मई तक चलने वाले इस धार्मिक उत्सव में प्रतिदिन रात्रि 8 से 11 बजे तक पंडित दीपक उपाध्याय द्वारा भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित प्रवचन दिए जाएंगे, जिनसे श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और संस्कारों का बोध कराया जाएगा।

कथा श्रवण के लिए हराना ही नहीं, आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। हराना का श्रीराम जानकी मंदिर क्षेत्र का प्रमुख आस्था केंद्र है। यहां वर्ष 1989 से लगातार अखंड रामचरितमानस पाठ और घी की अखंड ज्योति प्रज्वलित है। ग्रामीणों के अनुसार, हर वर्ष गंगा दशमी पर यहां विशाल धार्मिक अनुष्ठान की परंपरा निभाई जाती है। आयोजन समिति ने बताया कि सप्त दिवसीय अनुष्ठान का समापन 29 मई, शुक्रवार को पूर्णाहुति एवं महाप्रसादी वितरण के साथ होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story