शिवपुरी : टाइगर हमले से आदिवासी की मौत के बाद उबाल, 5 घंटे चक्काजाम, आश्वासन पर खुला मार्ग
शिवपुरी, 25 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में स्थित माधव टाइगर रिजर्व क्षेत्र में एक आदिवासी की बाघ के हमले में मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार सुबह नरवर-शिवपुरी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जो करीब 5 घंटे बाद प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ।
जानकारी के अनुसार, ग्राम ऐरावन के जंगल में शुक्रवार शाम एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला। पास में मादा टाइगर एमटी-6 की लोकेशन मिलने से उसके हमले की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान सरवन (लगभग 50 वर्ष), निवासी ग्राम ऐरावन, के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता था। घटनास्थल पर उसके कपड़े और अन्य सामान मिले। शव की स्थिति से प्रतीत होता है कि किसी जंगली जानवर ने हमला किया। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में भी किसी बड़े जंगली जानवर द्वारा नुकीले दांतों से हमले के संकेत मिले हैं, हालांकि अंतिम पुष्टि रिपोर्ट के बाद ही होगी।
सुबह 7 बजे से दोपहर तक जाम
घटना से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार सुबह 7 बजे नरवर-शिवपुरी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पुलिस, प्रशासन और वन विभाग के अधिकारी पहुंचे और लोगों को समझाइश दी। दोपहर करीब 12 बजे मुआवजे और सुरक्षा के आश्वासन के बाद जाम खत्म हुआ। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मृतक के परिजनों को 8 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव भेजा गया है, जो प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद प्रदान की जाएगी।
एमटी-6 की गतिविधियों से बढ़ी चिंता
बताया जा रहा है कि मादा टाइगर एमटी-6 को हाल ही में माधव टाइगर रिजर्व में छोड़ा गया था, लेकिन इसके बाद से वह कई बार आबादी वाले क्षेत्रों की ओर पहुंच चुकी है। पहले भी मवेशियों पर हमले और एक व्यक्ति को घायल करने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं के कारण क्षेत्र में दहशत के साथ आक्रोश भी बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और टाइगर की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

