शिवपुरी में राजस्व निरीक्षक रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, नक्शा सुधार के नाम पर मांगी थी रकम

WhatsApp Channel Join Now
शिवपुरी में राजस्व निरीक्षक रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, नक्शा सुधार के नाम पर मांगी थी रकम


शिवपुरी, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को लोकायुक्त टीम ने पोहरी तहसील के प्रभारी राजस्व निरीक्षक (आरआई) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी को सिद्धेश्वर कॉलोनी स्थित उसके निवास से पकड़ा गया, जहां वह किसान से नक्शा सुधार के एवज में रकम ले रहा था।

मचकला गांव निवासी किसान ब्रखभान धाकड़ ने ग्वालियर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। किसान के अनुसार, उसकी जमीन के नक्शे में त्रुटि थी, जिसे सुधारने के लिए उसने एसडीएम कार्यालय पोहरी में आवेदन किया था। फाइल तहसील पहुंचने के बाद प्रभारी आरआई देवेंद्र जैन ने काम करने के बदले रिश्वत की मांग शुरू कर दी।

4 हजार में तय हुआ सौदा

आरोप है कि अधिकारी ने नक्शा सुधार के लिए पहले 5 हजार रुपए मांगे, बाद में सौदा 4 हजार रुपए में तय हुआ। किसान पहले ही 1 हजार रुपए दे चुका था, लेकिन इसके बावजूद काम लंबित रखा गया और उसे लगातार परेशान किया जाता रहा। परेशान किसान ने 24 मार्च को दोबारा हुई रिश्वत मांग की बातचीत रिकॉर्ड कर ली और इसे लोकायुक्त को सौंप दिया। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।

2 हजार रुपए लेते ही दबोचा

पूर्व निर्धारित योजना के तहत शुक्रवार दोपहर को किसान 2 हजार रुपए लेकर आरोपी के घर पहुंचा। जैसे ही आरआई ने रकम ली, लोकायुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। लोकायुक्त टीम आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story