शिवपुरीः प्रभारी मंत्री ने उचित मूल्य दुकान का किया औचक निरीक्षण, पारदर्शी राशन वितरण के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
शिवपुरीः प्रभारी मंत्री ने उचित मूल्य दुकान का किया औचक निरीक्षण, पारदर्शी राशन वितरण के दिए निर्देश


शिवपुरीः प्रभारी मंत्री ने उचित मूल्य दुकान का किया औचक निरीक्षण, पारदर्शी राशन वितरण के दिए निर्देश


शिवपुरी, 21 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने रविवार को ग्राम पंचायत खोड़ स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण कर राशन वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने खाद्यान्न वितरण केंद्र के स्टॉक रजिस्टर का बारीकी से अवलोकन किया तथा पीओएस मशीन के माध्यम से की जा रही राशन वितरण प्रक्रिया की जांच की। उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध खाद्यान्न की गुणवत्ता भी परखी और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि हितग्राहियों को गुणवत्तायुक्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए।

मंत्री तोमर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर और निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वितरण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को राशन केंद्रों की व्यवस्थाएं सुदृढ़ बनाए रखने और नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि वितरण प्रणाली में किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।

इस अवसर पर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक हितग्राही को बिना किसी बाधा के समय पर खाद्यान्न प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि यदि राशन वितरण में किसी प्रकार की त्रुटि या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी एवं दुकान संचालकों के विरुद्ध तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

Share this story