शिवपुरीः सिंधिया ने पिछोर को स्वास्थ्य, बिजली और प्रशासनिक सुविधाओं की बड़ी सौगातें दी
शिवपुरी, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में शिवपुरी जिले में पिछोर विधानसभा क्षेत्र को सोमवार को स्वास्थ्य, विद्युत और प्रशासनिक सुविधाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात मिली। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अछरौनी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चमरौआ एवं पिपरा में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र तथा बामौरकलां में नवनिर्मित उप तहसील भवन का लोकार्पण किया।
अछरौनी में करीब 1.80 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के माध्यम से 4 उपस्वास्थ्य केंद्रों से जुड़े करीब 20 गांवों की 30 हजार से अधिक आबादी को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। यहां 299 प्रकार की दवाइयों और 80 प्रकार की जांचों की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
वहीं, 1.95 करोड़ रुपये की लागत से बने चमरौआ और 1.46 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पिपरा विद्युत उपकेंद्रों से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था मजबूत होगी। इससे ग्रामीणों और किसानों को अधिक सुचारु एवं विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलने की उम्मीद है।
बामौरकलां में करीब 1.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उप तहसील भवन के शुरू होने से 70 गांवों के लोगों को राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को सिंधिया के प्रयासों से पूरा किया गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास की सुविधाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने पिछोर में निर्माणाधीन 100 बिस्तरीय अस्पताल का उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का कार्य निरंतर जारी है। आने वाले समय में भी क्षेत्र को विकास की नई सौगातें मिलती रहेंगी।
पिछोर विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि पिछोर में विकास की तस्वीर तेजी से बदल रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय, नए विद्युत उपकेंद्र, अरबों रुपये की नहर परियोजना और युवाओं को रोजगार से जोड़ने वाले 'मूंगफली प्रोजेक्ट' जैसे कार्य क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि सिंधिया के मार्गदर्शन में पिछोर में विकास का यह कारवां आगे भी जारी रहेगा।
कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक यागचेंन डोलकर भूटिया, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव, पूर्व विधायक भैया साहब लोधी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषिश्वर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र, ₹5 में विद्युत कनेक्शन योजना के पत्र सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

