शिवपुरी में गुना बायपास पर नाले में मिला पटवारी के बेटे का शव, पास में पड़ी थी बाइक, पिता ने जताई हत्या की आशंका
शिवपुरी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में गुना बायपास की थीम रोड पर शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव श्रीराम धर्म कांटे के पास पुल के नीचे नाले में मिला। घटनास्थल पर शव के पास ही उसकी बाइक भी पड़ी मिली। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान विवेकानंद कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय शिवम शर्मा के रूप में हुई है। वह एक निजी सोलर कंपनी में नौकरी करता था। शिवम के पिता सुरेश शर्मा पटवारी है। उन्हाेंने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
सुरेश शर्मा के मुताबिक, उनका बेटा गुरुवार शाम घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचना दी। शुक्रवार सुबह कोतवाली पुलिस शिवम की गुमशुदगी दर्ज करने की प्रक्रिया में थी। इसी दौरान पुलिस को गुना बायपास स्थित पुल के नीचे एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव की पहचान शिवम के रूप में हुई। घटनास्थल पर उसकी बाइक भी मिली।
बेटे का शव देखकर बेहोश हुए पिता
बेटे की मौत की खबर मिलने पर पिता सुरेश शर्मा घटनास्थल पहुंचे। वहां शिवम का शव देखकर उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कराया गया। होश में आने के बाद पिता ने बेटे की हत्या कर शव नाले में फेंके जाने की आशंका जताई। उनका कहना है कि शिवम की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है।
तीन साल पहले हुई थी शादी, मौत की वजह स्पष्ट नहीं
परिजनों के मुताबिक, शिवम की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। वह निजी सोलर कंपनी में काम करता था। गुरुवार शाम घर से निकलने के बाद उसके साथ क्या हुआ और वह पुल के नीचे नाले तक कैसे पहुंचा, यह फिलहाल जांच का विषय है। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों, बाइक की स्थिति और युवक के घर से निकलने के बाद की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही शिवम की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

