शिवपुरी में योग रिट्रीट का आयोजन, एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
शिवपुरी में योग रिट्रीट का आयोजन, एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह


शिवपुरी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। शिवपुरी स्थित श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में बुधवार को खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में एक दिवसीय योग रिट्रीट आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने योगाभ्यास करने वाले बच्चों और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।

कार्यक्रम की शुरुआत में जिला खेल अधिकारी डॉ. के.के. खरे ने पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया। शिविर के आयोजन में ओम उत्थानम एवं कृष्ण योग केंद्र ने संयुक्त रूप से सहयोग दिया। शिविर में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने योग, ध्यान तथा प्राणायाम का अभ्यास किया।

योगाचार्य एवं योग शिक्षिका सुभाषिनी आचार्य ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, ध्यान और प्राणायाम की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर रखने के साथ मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने में मदद मिलती है।

वहीं, योग शिक्षिका सपना शर्मा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षित बच्चों ने योग की विभिन्न विधाओं का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को उपहार देकर प्रोत्साहित किया। युवा कोऑर्डिनेटर कमल बाथम शेरा ने भी लोगों को योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

योग से शरीर और मन में बनता है संतुलन : एसपी

पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। नियमित रूप से योग, ध्यान और प्राणायाम करने से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलता है।

उन्होंने बच्चों और युवाओं से योग के प्रति जागरूक होने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और एकाग्र मन व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को सलाह दी कि वे योग को केवल शिविर या विशेष आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

एसपी ने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी योग के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य योग के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760621 Articles

Share this story