राजगढ़ः पीपलहेला महाकाल मंदिर में बुधवार से शिवमहापुराण कथा और रुद्र महायज्ञ

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः पीपलहेला महाकाल मंदिर में बुधवार से शिवमहापुराण कथा और रुद्र महायज्ञ


राजगढ़, 19 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर के समीप ग्राम पीपलहेला स्थित महाकाल मंदिर में 20 मई बुधवार से सात दिवसीय शिवमहापुराण कथा एवं रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ होगा। धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत हिमाद्री स्नान के साथ की जाएगी। कथा वाचन का दायित्व आचार्य प्रमोद नागर निभाएंगे, जो श्रद्धालुओं को शिव महिमा तथा सनातन जीवन मूल्यों का मार्गदर्शन देंगे। कथा के साथ रुद्र महायज्ञ का संचालन रुद्राचार्य सुदर्शन पारिक द्वारा किया जाएगा।

मंदिर समिति के अनुसार वर्ष 2012 से यहां प्रतिवर्ष महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है, जबकि पूर्णाहुति 26 मई को गंगा दशहरा के अवसर पर की जाएगी। पूर्णाहुति के उपरांत विशाल महाप्रसादी का वितरण होगा। पीपलहेला का महाकाल मंदिर अपनी अनूठी धार्मिक परंपराओं के लिए क्षेत्रभर में प्रसिद्ध है। यहां वर्ष 1992 से अखंड रामचरितमानस पाठ और अखंड ज्योति निरंतर प्रज्वलित है। पिछले 34 वर्षों से जारी यह परंपरा मंदिर को स्थानीय धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बनाती है। साथ ही वर्ष 2019 से प्रतिदिन भगवान महाकाल का विशेष श्रृंगार भी किया जा रहा है। आगामी आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मंदिर परिसर में पांडाल, प्रकाश व्यवस्था और साज-सज्जा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन में पीपलहेला सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story