राजगढ़ः शिवधाम कॉलोनी में श्रीमद्भागवत कथा का समापन, पूर्णाहुति के साथ गूंजा भक्तिरस
राजगढ़, ०1 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा नगर की शिवधाम कॉलोनी में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन सुबह यजमानों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्णाहुति दी गई। वहीं शाम को कथा श्रवण, महाआरती और महाप्रसादी वितरण का आयोजन किया जाएगा।
रविवार देर रात कथा के छठे दिवस आचार्य प्रमोद नागर ने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने पूतना वध, बकासुर वध, माखन चोरी और गोप-बालकों के साथ श्रीकृष्ण की लीलाओं का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि भगवान की प्रत्येक लीला मानव जीवन को धर्म, प्रेम और सदाचार का संदेश देती है। कथा के दौरान श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह प्रसंग का भव्य आयोजन भी किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की बारात बड़े उत्साह और भक्तिभाव के साथ निकाली। कथा स्थल पर पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया गया तथा पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पांव पखराई सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
रासलीला की मनमोहक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। संगीत एवं भजनों के बीच उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में महिला- पुरुष, युवा एवं बुजुर्ग श्रद्धालु उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 26 मई से 1 जून तक प्रतिदिन रात्रि 8 से 11 बजे तक किया गया, जिसमें क्षेत्रभर से श्रद्धालुओं ने पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित किया। सोमवार को महाआरती और महाप्रसादी के साथ इस धार्मिक आयोजन का विधिवत समापन होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

