शिवपुरी: सिंकदरा चेक पोस्ट पर फिर बवाल, बस चालक से मारपीट; 5 घंटे हाईवे जाम
शिवपुरी, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र स्थित सिंकदरा चेक पोस्ट एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गया है। अवैध वसूली और मारपीट की घटनाओं के बीच यहां ताजा मामला सामने आया है, जिसमें बस चालक के साथ मारपीट के बाद करीब 5 घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग जाम रहा।
पुलिस के अनुसार, सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात राजस्थान से यात्रियों को लेकर नेपाल सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा पर जा रही एक बस जैसे ही सिंकदरा चेक पोस्ट पहुंची, वहां मौजूद कुछ कर्मचारियों और कथित निजी व्यक्तियों ने चालक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। हमले में चालक को आंख के नीचे चोट आई है।
घटना के विरोध में बस में सवार यात्रियों और अन्य ट्रक चालकों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात करीब पांच घंटे तक बाधित रहा। सूचना मिलने पर करैरा एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करते हुए जाम खुलवाया।
मंगलवार सुबह बस चालक ने दिनारा थाने में मेडिकल परीक्षण के बाद शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी रविंद्र कुशवाह ने बताया कि शिकायत के आधार पर चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक सिंकदरा चेक पोस्ट पर लंबे समय से अवैध वसूली और दबंगई की शिकायतें मिलती रही हैं। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने प्रशासन की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

