उज्जैनः शुक्रवार शाम मुक्ताकाशी मंच से सोना महापात्रा की आवाज में गूंजेगी शिव-भक्ति

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैनः शुक्रवार शाम मुक्ताकाशी मंच से सोना महापात्रा की आवाज में गूंजेगी शिव-भक्ति


उज्जैन , 15 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकाल महोत्सव के तीसरे दिन शुक्रवार को सोना महापात्रा द्वारा शिव भक्ति,लोक संगीत एवं समकालीन संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। जनजातीय लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। लोक कलाकार संगीतमय प्रस्तुतियां देंगे।

आयोजन संस्था वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी के अनुसार इस अवसर पर विशेष आकर्षण के रूप में सुप्रसिद्ध गायिका सोना महापात्रा (मुंबई) द्वारा संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी। उनकी प्रस्तुति में शिव-भक्ति, लोक-संगीत एवं समकालीन संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रमों की शुरुआत सायं 7 बजे से होगी।

उक्त आयोजन की सहयोगी संस्थाएं महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति एवं संस्कृति संचालनालय, मध्यप्रदेश शासन हैं। श्री महाकाल महोत्सव अंतर्गत शुक्रवार को महाकाल लोक में जनजातीय लोकनृत्य, लोककलाओं एवं संगीतमय प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के तीसरे दिन जनजातीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं, लोकजीवन एवं आस्था से जुड़े विविध रंगों को मंच प्रदान किया जाएगा। देश की विभिन्न जनजातियों के कलाकार पारंपरिक वेशभूषा एवं वाद्य यंत्रों के साथ लोकनृत्य प्रस्तुत करेंगे।

प्रमुख प्रस्तुतियां

महोत्सव अंतर्गत विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय समाज की परंपराएं, प्रकृति से जुड़ा जीवन, लोकविश्वास एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में दर्शाया जाएगा।

शुक्रवार को गोंड जनजातीय करमा नृत्य उपेंद्रसिंह एवं साथी सीधी, बैगा जनजातीय परधौनी नृत्य दयाराम एवं साथी डिंडौरी, अहिराई नृत्य कमलेश नामदेव एवं साथी गोटगांव, भारिया जनजातीय सैताम नृत्य अंकिता एवं साथी छिंदवाड़ा की प्रस्तुति शामिल है।

कला यात्रा के तहत आज मटकी लोक नृत्य

महोत्सव के तहत प्रतिदिन कला यात्रा निकाली जा रही है। शुक्रवार को इस यात्रा में मटकी लोकनृत्य मयूरी डोड एवं साथी उज्जैन की प्रस्तुति होगी। कला यात्रा शास्त्री नगर से नीलगंगा चौराहा, हाट बाजार होती हुई महाकाल लोक पहुंचेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story