राजगढ़ः श्रद्धा के साथ मनाया गया महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व
राजगढ़, 29 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व-2026 श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने गुरुजनों का सम्मान कर विद्यार्थियों को जीवन में शिक्षा, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण का महत्व बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरु पूजन और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। कार्यक्रम में मंत्री पंवार ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु केवल शिक्षा देने वाले नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, संस्कारों के संवाहक और राष्ट्र निर्माण के आधार होते हैं। गुरु का मार्गदर्शन ही व्यक्ति को सही दिशा, उद्देश्य और सफलता प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। सांदीपनि विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, आधुनिक विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, डिजिटल शिक्षण व्यवस्था, पुस्तकालय, खेल सुविधाएं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए मंत्री ने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है। मेहनत और लगन से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे. अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और शिक्षा के बल पर कोई भी व्यक्ति ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। वहीं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन और भगवान श्रीकृष्ण-गुरु सांदीपनि के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डाला। मंत्री पंवार ने विद्यार्थियों से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और एकाग्रता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने अर्जुन और गुरु द्रोणाचार्य के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि सफलता उन्हीं को मिलती है, जिनकी नजर केवल अपने लक्ष्य पर होती है। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर सहित अन्य अतिथियों ने भी शिक्षा और गुरु के महत्व पर विचार रखे।
इस दौरान शत-प्रतिशत उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों का सम्मान किया गया,वहीं विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। समापन पर मंत्री ने विद्यार्थियों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया और एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत विद्यालय परिसर में गुलमोहर का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष इंदरसिंह लववंषी, रामनारायण दांगी, अमित शर्मा, गोपाल जाटव, मंडल अध्यक्ष राजू यादव सहित अन्य भाजपा नेता व जिला शिक्षा अधिकारी श्रवण पाटीदार, स्कूल प्राचार्य एसएन.यादव व स्टाफ मौजूद रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

