सागर : पंडित धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन में प्रदर्शन; अखिलेश और दामोदर यादव का पुतला फूंका

WhatsApp Channel Join Now
सागर : पंडित धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन में प्रदर्शन; अखिलेश और दामोदर यादव का पुतला फूंका


सागर, 05 नवंबर (हि.स.)। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सड़कों पर व्यापक विरोध प्रदर्शन का रूप ले चुका है। सागर में गुरुवार शाम बागेश्वर शिष्य मंडल ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन में उतरकर तीन प्रमुख स्थानों पर जोरदार प्रदर्शन किया और अखिलेश यादव तथा दामोदर यादव के पुतले दहन किए।

शिष्य मंडल के सदस्यों ने पंडित शास्त्री पर की जा रही टिप्पणियों और उनका पुतला जलाने वालों के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने शहर के सिविल लाइन, मोतीनगर और मकरोनिया चौराहों पर एकत्रित होकर दामोदर यादव और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोनों के पुतलों का दहन किया।

सिविल लाइन चौराहे पर बड़ी संख्या में महिलाएं और शिष्य मंडल के सदस्य इकट्ठा हुए। आक्रोशित महिलाओं ने पुतलों पर चप्पलें मारकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं का कहना था कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा दी गई टिप्पणी का गलत अर्थ निकाला गया है और उनकी मंशा किसी की भावना को ठेस पहुंचाने की नहीं थी।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को यादव समाज के प्रतिनिधियों ने भगवान श्रीकृष्ण पर पंडित धीरेंद्र शास्त्री द्वारा की गई टिप्पणी के विरोध में सागर में प्रदर्शन किया था और शास्त्री का पुतला फूंका था। इसी के जवाब में गुरुवार को बागेश्वर शिष्य मंडल ने सड़क पर उतरकर अपना शक्ति प्रदर्शन किया और धीरेंद्र शास्त्री के प्रति पूर्ण समर्थन व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773124 Articles

Share this story