शाजापुर में ईद के दिन तनाव, नवनियुक्त शहर काजी के सम्मान समारोह में विरोध, पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग

WhatsApp Channel Join Now
शाजापुर में ईद के दिन तनाव, नवनियुक्त शहर काजी के सम्मान समारोह में विरोध, पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग


शाजापुर, 21 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शाजापुर में ईद के मौके पर शहर के कसेरा बाजार क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सम्मान समारोह के दौरान अचानक तनाव की स्थिति बन गई। नवनियुक्त शहर काजी के कार्यक्रम में समाज के एक गुट ने विरोध जताते हुए नारेबाजी की, जिससे माहौल कुछ समय के लिए गरमा गया।

जानकारी अनुसार घटना शनिवार सुबह करीब 11 बजे की है, जब नवनियुक्त शहर काजी के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग विरोध में उतर आए। उन्होंने नारेबाजी करते हुए अपना असंतोष व्यक्त किया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ बढ़ गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। थाना प्रभारी संतोष सिंह वाघेला ने पुलिस बल के साथ स्थिति को संभालते हुए लोगों को वहां से हटाया। पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ समाज के वरिष्ठ लोगों ने भी हस्तक्षेप कर लोगों को समझाइश दी, जिसके बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो सकी।

नियुक्ति के बाद आयोजित था सम्मान समारोह

बताया जा रहा है कि ईदगाह पर नमाज के बाद शहर काजी मोहसिन उल्ला ने नायब काजी रहमतुल्लाह को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था। इसी के उपलक्ष्य में यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया था।

डीजे विवाद बना विरोध की वजह

विरोध की वजह एक पूर्व घटना को बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, एक विवाह समारोह में डीजे बजाने को लेकर असहमति जताते हुए काजी रहमतुल्लाह ने निकाह पढ़ाने से इनकार कर दिया था और वहां से चले गए थे। इसी मुद्दे को लेकर समाज के एक वर्ग ने समारोह में विरोध दर्ज कराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story