शाजापुर: प्रेमी जोड़े ने खाया जहर, परिजनों ने शादी से इनकार किया था, युवती की मौत, युवक गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
शाजापुर: प्रेमी जोड़े ने खाया जहर, परिजनों ने शादी से इनकार किया था, युवती की मौत, युवक गंभीर


शाजापुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के लालघाटी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां परिवार के विरोध से आहत एक प्रेमी जोड़े ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना में युवती की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि युवक की हालत नाजुक होने पर उसे इंदौर रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना करेडी नाका क्षेत्र की है, जहां गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे प्रेमी युगल ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जहर खाने के तुरंत बाद युवक ने अपने एक मित्र को फोन कर पूरी जानकारी दी। मित्र मौके पर पहुंचा और तत्परता दिखाते हुए दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद युवती को बचाया नहीं जा सका।

जानकारी के अनुसार, सुनेरा निवासी आशुतोष उर्फ गोलू धाकड़ (25) और देवास के विकास नगर निवासी कशिश परिहार के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। इसी बात से परेशान होकर दोनों ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। बताया जा रहा है कि कशिश गुरुवार सुबह ही देवास से शाजापुर आई थी। इसके बाद दोनों ने साथ में जहर खा लिया। आशुतोष खेती-किसानी से जुड़ा हुआ है। जहर खाने के बाद युवक द्वारा दी गई सूचना पर उसका मित्र तुरंत पहुंचा और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, युवती की हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जबकि युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

अस्पताल पुलिस चौकी के प्रधान आरक्षक पदम सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल में इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। वहीं युवक को इंदौर रेफर किया गया है। लालघाटी पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना दोनों के परिजनों को भी दे दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story