शाजापुरः आगरा-मुम्बई हाईवे पर चलती बस में लगी भीषण आग, बारातियों ने कूदकर बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
शाजापुरः आगरा-मुम्बई हाईवे पर चलती बस में लगी भीषण आग, बारातियों ने कूदकर बचाई जान


शाजापुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम सनकोटा के पास मंगलवार को एक चलती बस में अचानक आग लग गई। बस में सवार 50 से अधिक बारातियों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, यात्री बस इंदौर से बारात लेकर गुना जिले के शाढ़ौरा स्थित ग्राम अमोदा जा रही थी। मंगलवार को दोपहर में बस ग्राम सनकोटा के पास पहुंची, तभी उसमें अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस में अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। हालात बिगड़ते देख लोग खिड़कियों से कूदकर बाहर निकले। घटना के बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक पूरी बस जलकर खाक हो गई।

जानकारी मिलने पर शाजापुर एसपी यशपाल सिंह राजपूत भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। इस हादसे में राहत की बात यह है कि बस में सवार लोग आग बढ़ने के पहले ही बाहर निकल गए और किसी तरह से कोई हताहत नहीं हुआ है। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई थी और घटना के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ है।

बारातियों के मुताबिक हादसे में दुल्हन के चढ़ावे का सामान समेत करीब एक से डेढ़ लाख रुपये नकद भी आग की भेंट चढ़ गए। गनीमत रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story