अनूपपुर: सीवर ओवरफ्लो मिल रहा नर्मदा में कई क्षेत्र में चैंबर से बह रहा गंदा पानी; श्रद्धालुओं और पर्यटकों में नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: सीवर ओवरफ्लो मिल रहा नर्मदा में कई क्षेत्र में चैंबर से बह रहा गंदा पानी; श्रद्धालुओं और पर्यटकों में नाराजगी


अनूपपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की अमरकंटक नगर परिषद की सीवर व्यवस्था बारिश के बीच प्रभावित हो गई है। कई जगह सीवर चैंबर ओवरफ्लो होने से बदबूदार पानी खुले में बह रहा है और नालियों व बरसाती पानी के साथ पवित्र नर्मदा नदी तक पहुंच रहा है। इससे नर्मदा की स्वच्छता और पर्यावरण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। श्रद्धालुओं और पर्यटकों में नाराजगी है।

रामघाट क्षेत्र में सुलभ शौचालय के सामने बने सीवर चैंबर से तेज धार में गंदा पानी निकल रहा है। यह पानी रामघाट पार्किंग और घाट की सीढ़ियों के पास से बहते हुए नर्मदा में मिल रहा है। नाका चौराहा क्षेत्र में भी दूषित पानी वैतरणी नदी के रास्ते नर्मदा तक पहुंचने की बात सामने आई है। कोटितीर्थ घाट-कुंड के पास भी सीवर चैंबर ओवरफ्लो हो रहे हैं।

नाक बंद कर गुजरना पड़ रहा श्रद्धालुओं को

रामघाट के पास शिव रुद्र महायज्ञ और भोजनालय में आने वाले श्रद्धालुओं को भी दुर्गंध और गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। बारिश के दौरान कई पर्यटक इसे सामान्य पानी समझकर हाथ-पैर और मुंह धो लेते हैं, जिससे संक्रमण का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुलभ शौचालय का टैंक खाली कराने के बाद भी उसमें सीवर का पानी दोबारा भर जाता है।

नगर परिषद सीएमओ चैन सिंह परस्ते ने बताया कि बारिश के कारण समस्या सामने आई है। उन्होंने कर्मचारियों को प्रभावित स्थानों की जांच और सफाई के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि वे स्वयं भी समस्या के कारणों का निराकरण कराने में जुटे हैं।

स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश का पानी सीवर चैंबरों में जाने से लाइनों पर दबाव बढ़ रहा है। मां नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक में सीवर का दूषित पानी नदी तक पहुंचना गंभीर मामला है। लोगों ने नगर परिषद से अस्थायी सफाई के बजाय सीवर व्यवस्था का वैज्ञानिक और स्थायी समाधान करने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story