मुरैना में भीषण गर्मी का कहर, पारा 45 डिग्री के पार पहुंचा
मुरैना, 18 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आया। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हीट वेव और तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
सुबह 9 बजे के बाद ही सूरज की तपिश असहनीय होने लगी थी। दोपहर होते-होते शहर की सड़कें सुनसान दिखाई देने लगीं। आम दिनों में व्यस्त रहने वाले बाजारों और प्रमुख मार्गों पर दोपहर 1 बजे के बाद आवाजाही बेहद कम हो गई। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलते नजर आए। तेज लू के थपेड़ों के कारण राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
भीषण गर्मी का असर घरों के भीतर भी साफ दिखाई दिया। कूलर और पंखों की हवा भी गर्म महसूस हो रही थी, जिससे लोग पसीने से तरबतर रहे। लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। रात का तापमान भी सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जिससे लोगों की नींद प्रभावित हो रही है। इधर शहर में बिजली की आंख-मिचौली ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया है। कई क्षेत्रों में बार-बार बिजली कटौती होने से लोग गर्मी में परेशान होते रहे। बिजली बंद होते ही कूलर और पंखे ठप पड़ गए, जिससे छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
भीषण गर्मी के चलते शीतल पेय पदार्थों की मांग में भी जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। शहर के बाजारों में लस्सी, गन्ने का जूस, नींबू पानी, शिकंजी, नारियल पानी और आइसक्रीम की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि लू से बचाव के लिए सिर को ढककर बाहर निकलें और खाली पेट धूप में जाने से बचें।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक जिले में गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है तथा लू का असर भी तेज बना रहेगा। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

