राजगढ़ः ज्वेलरी की दुकान में करंट लगने से 17 वर्षीय छात्र की मौत
राजगढ़, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर की चूड़ी गली स्थित एक सोने-चांदी की दुकान में शनिवार दोपहर करंट लगने से 17 वर्षीय किशोर संस्कार उर्फ कान्हा सोनी की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे शहर में शोक का माहौल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार विनायक नगर निवासी संस्कार उर्फ कान्हा अपने पिता धर्मेंद्र सोनी की दुकान पर मौजूद था। दोपहर करीब 1 बजे दुकान में लगे एक बिजली बोर्ड में अचानक करंट आ गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें भी करंट के झटके लगे। बाद में बिजली का संपर्क बंद कर किशोर को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में परिचित अस्पताल पहुंच गए। घर में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की तथा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। संस्कार 12वीं कक्षा का छात्र था और पढ़ाई के साथ अपने पिता के व्यवसाय में भी हाथ बंटाता था। परिजनों और परिचितों के अनुसार वह मेहनती, मिलनसार और जिम्मेदार स्वभाव का था। उसके भविष्य को लेकर परिवार ने कई सपने संजो रखे थे, जो इस हादसे के साथ अधूरे रह गए। शाम करीब 5 बजे विनायक नगर में गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। संस्कार की असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

