सेवा संकल्प यात्रा: प्रधानमंत्री मोदी ने बंडा समेत देशभर के यात्रियों से किया संवाद

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प यात्रा: प्रधानमंत्री मोदी ने बंडा समेत देशभर के यात्रियों से किया संवाद


सागर, 25 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को वाराणसी से वडनगर और वडनगर से वाराणसी की यात्रा पर निकले सेवा संकल्प यात्रियों से सीधे संवाद किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा पहुंचे यात्रियों से आत्मीय चर्चा कर उनके कुशल-मंगल की जानकारी ली और यात्रा के दौरान मिले अनुभवों को जाना।

संवाद के दौरान बंडा में मौजूद छत्तीसगढ़ निवासी सेवा संकल्प यात्री अमन अग्रहरे ने प्रधानमंत्री को बताया कि उनके क्षेत्र के नक्सल मुक्त होने के बाद अब वहाँ खुशहाली और शांति का माहौल बना है। उन्होंने सागर जिले में महिला सशक्तिकरण और नेतृत्व की सराहना की। प्रधानमंत्री ने सागर, रायसेन, आगरा और झांसी पहुँचे अन्य यात्रियों से भी बातचीत की और उनका उत्साहवर्धन किया।

यात्रा के अनुभवों को साझा करते हुए यात्रियों ने बताया कि इस सेवा यात्रा से उन्हें असीम आनंद की अनुभूति हो रही है। यात्रियों ने यात्रा मार्ग में मिले केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के फीडबैक से प्रधानमंत्री को अवगत कराया।

स्वास्थ्य सेवा: आयुष्मान भारत योजना से एक बच्ची को कैंसर के मुफ्त इलाज के बाद नया जीवन मिला।

स्वच्छता व बुनियादी ढांचा: देश में साफ-सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ी है और सफाई कर्मियों के प्रति सम्मान गहरा हुआ है।

विकास कार्य: सड़क, विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और पीएम श्री स्कूलों के निर्माण से शिक्षा के स्तर में बड़ा बदलाव आ रहा है।

प्रधानमंत्री ने सभी यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करें और उन्हें जानकारी दें।

बंडा में यात्रा की दो टोलियों (आठवें दिन की यात्रा पूर्ण कर नौवें दिन) के आगमन पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा, भारत जैसी विविधताओं से भरे देश को समझने के लिए एक कोने से दूसरे कोने तक यात्रा करना अत्यंत आवश्यक है। इससे देश की संस्कृति, सभ्यता और विचारों का आदान-प्रदान होता है, जिससे राष्ट्रीय एकजुटता मजबूत होती है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वयं यात्रियों से फीडबैक लेना उनकी सूक्ष्म कार्यशैली को दर्शाता है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार का स्मरण कराते हुए उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुँचाना ही सरकार का मुख्य ध्येय है। यह यात्रा 'विकसित भारत 2047' के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

कार्यक्रम के अंत में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी और बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह ने सेवा संकल्प यात्रियों के साथ सांदीपनि विद्यालय, बंडा परिसर में पौधरोपण किया। इसके बाद यात्रा अपने तय मार्ग के अनुसार रूट क्रमांक 18 के तहत बांदरी तथा रूट क्रमांक 19 के तहत जरुआखेड़ा के लिए प्रस्थान कर गई।

इस अवसर पर ग्रामीण भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती रानी कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, रुपेश रोशन खरे, नीतेश जैन, प्रभुदयाल राठौर, लोकेंद्र सिंह, आयुष्य पांडे, सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, एसडीएम संजय जैन, तहसीलदार मोहित जैन सहित बड़ी संख्या में हितग्राही एवं नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story