राजगढ़ः पचोर में सेवा संकल्प बाइक यात्रा का स्वागत, नेवज नदी किनारे सफाई के साथ दिया स्वच्छता का संदेश
राजगढ़, 24 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर नगर में गुरुवार को वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’का उत्साह के साथ स्वागत किया गया। यात्रा में शामिल प्रतिभागियों ने सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वन वाटिका में पौधरोपण किया। इसके बाद नेवज मैया की आरती उतारकर नदी के आसपास साफ-सफाई अभियान चलाया। यात्रियों ने आमजन को जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान यात्रियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन भी सुना। प्रधानमंत्री ने युवाओं द्वारा स्वच्छता और पौधरोपण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने युवाओं से अपने जीवन की एक वर्ष की कार्ययोजना बनाने, लक्ष्यों को डायरी में लिखने और प्रतिदिन की प्रगति दर्ज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं और प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को देश और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अलग-अलग राज्यों की भाषा, वेशभूषा, खान-पान और संस्कृति को जानने-समझने तथा इन अनुभवों को डॉक्यूमेंट्री के रूप में संजोने का सुझाव भी दिया।
कार्यक्रम में प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग राज्यमंत्री गौतम टेटवाल, सांसद रोडमल नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा, एसपी अमित तोलानी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, यात्रा के प्रतिभागी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने यात्रियों का अभिनंदन करते हुए सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

