सेवा संकल्प अभियान संगठन के हर कार्यकर्ता का संस्कार : हेमंत खण्डेलवाल

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प अभियान संगठन के हर कार्यकर्ता का संस्कार : हेमंत खण्डेलवाल


भोपाल/ बैतूल, 07 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने सोमवार को बैतूल में जिला कार्यसमिति एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर आयोजित जिला कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का संस्कार और समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी है। कार्यकर्ता केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए गांव-गांव और बूथ स्तर तक सक्रियता से काम करें।

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 25 वर्षों की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। यह यात्रा केवल राजनीतिक उपलब्धियों की नहीं, बल्कि गरीब, किसान, युवा, महिला, वंचित और मध्यम वर्ग के जीवन में आए बदलाव की भी यात्रा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों के लिए आवास, नल से जल, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, जनधन, स्वच्छ भारत और किसान सम्मान निधि सहित अनेक योजनाएं लागू की हैं। इन योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब इनका लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। कार्यकर्ता केवल योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित न रहें, बल्कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने और लाभ दिलाने में भी सहयोग करें।

विचारधारा से समझौता नहीं किया

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समय के साथ भाजपा ने अपनी कार्यशैली में बदलाव किया है, लेकिन विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया। डिजिटल युग में देश को अस्थिर करने के लिए तथ्यहीन सवाल खड़े किए जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं को ऐसे मामलों का जवाब तथ्यों के आधार पर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 2003 के बाद शिक्षा और बिजली व्यवस्था समेत विभिन्न क्षेत्रों में बदलाव दिखाई देता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के संकल्प के अनुरूप विकास और जनकल्याण को गति दे रही है।

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम है। सेवा के जरिए जनता का विश्वास जीतने से संगठन की जड़ें और मजबूत होती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को बूथ, गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यशाला को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी कांतदेव सिंह, जिला प्रभारी सुदर्शन गुप्ता और जिला अध्यक्ष राजा पवार ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक महेन्द्र सिंह चौहान, डॉ. योगेश पंडाग्रे, गंगा सज्जन सिंह उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, पूर्व सांसद ज्योति धुर्वे सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story