सेवा संकल्प अभियान से समाज के हर वर्ग को जोड़ें कार्यकर्ता: अजय जामवाल

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प अभियान से समाज के हर वर्ग को जोड़ें कार्यकर्ता: अजय जामवाल


भोपाल संभाग की बैठक में बोले क्षेत्रीय संगठन महामंत्री- संगठन सत्ता का माध्यम नहीं, समाज और राष्ट्रसेवा का संकल्प

भोपाल, 21 सितंबर (हि.स.)। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत भोपाल संभाग की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के कार्यक्रमों में समाज के हर वर्ग की भागीदारी बढ़ाने और सेवा व समर्पण की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ और ‘नमो चित्र सेवा’ सहित कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अभियान को केवल पार्टी कार्यकर्ताओं तक सीमित न रखते हुए समाज के नए लोगों को भी इससे जोड़ा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्रसेवा का संकल्प है। कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सेवा संकल्प यात्रा को प्रभावी बनाने के लिए सक्रियता से काम करना चाहिए। अभियान के तहत प्रदेशभर में सेवा, जनभागीदारी, रचनात्मकता, नवाचार और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

लाभार्थियों से लगातार संवाद पर जोर

अजय जामवाल ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ विभिन्न वर्गों तक पहुंच रहा है। कार्यकर्ताओं को लाभार्थियों से लगातार संवाद बनाए रखना चाहिए, ताकि उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर समाधान की दिशा में प्रयास किए जा सकें। उन्होंने कहा कि पद और दायित्व मिलने के बाद कार्यकर्ता के व्यवहार में विनम्रता और सेवाभाव और बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि संगठन की कार्यपद्धति में समाज के बीच रहकर उसकी आवश्यकताओं को समझना महत्वपूर्ण है। भाजपा के संस्थापक नेतृत्व पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रहित, अंत्योदय और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का विचार सामने रखा था। कार्यकर्ताओं को सामाजिक समरसता और अंत्योदय के साथ ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के लक्ष्य की दिशा में काम करना चाहिए।

संभाग से शक्ति केंद्र तक बने कार्ययोजना

अजय जामवाल ने कहा कि सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकार संगठन की कार्यशैली के केंद्र में हैं। कार्यकर्ताओं को समय-समय पर अपने काम और व्यवहार का आत्मविश्लेषण करना चाहिए। ‘सेवा संकल्प अभियान’ जनभागीदारी और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करने का अवसर है।

उन्होंने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए संभाग, जिला, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर पहले से कार्ययोजना तैयार कर बैठकें आयोजित की जानी चाहिए।

बैठक में प्रदेश शासन के मंत्री करण सिंह वर्मा, विश्वास सारंग, गौतम टेटवाल, नारायण सिंह पंवार, नरेंद्र शिवाजी पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री प्रभुराम चौधरी, प्रदेश महामंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री राजो मालवीय, सांसद आलोक शर्मा, रोडमल नागर, दर्शन सिंह चौधरी और संभाग प्रभारी तेज बहादुर सिंह मौजूद रहे। संचालन जिला प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा ने किया। आभार भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने माना।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story