सागर में 'सेवा ज्योति यात्रा' और विकसित भारत संकल्प सभा का भव्य आयोजन
सागर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में पीटीसी ग्राउंड पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के सफल और गौरवशाली 25 वर्ष पूर्ण होने के सुअवसर पर बुधवार को 'विकसित भारत संकल्प सभा' तथा 'सेवा ज्योति यात्रा' का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में सागर नगर, सागर ग्रामीण के आम नागरिकों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने भारी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अपार जनसमूह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन को वर्चुअल माध्यम से सुना तथा वर्ष 2047 तक भारत को एक सशक्त और 'विकसित भारत' बनाने का सामूहिक संकल्प दोहराया।
सभा में वक्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी जनसेवा की यात्रा ने आज 25 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। इसमें गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में लगभग 13 वर्ष और 2014 से देश के प्रधानमंत्री के रूप में लगभग 12 वर्षों का बेमिसाल कार्यकाल शामिल है। कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कहा कि इन ढाई दशकों में भारत ने विकास, सुशासन, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित किए हैं।
पीटीसी ग्राउंड में आयोजित इस भव्य संकल्प सभा में मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, वरिष्ठ भाजपा नेता व रहली विधायक गोपाल भार्गव, देवरी विधायक बृजबिहारी पटैरिया, तथा भाजपा प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लोकेंद्र पाराशर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा सागर विधायक शैलेंद्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, कुश कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रभुदयाल कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष श्रीमती रानी कुशवाहा, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती सुधा जैन, और डॉ. विनोद पंथी ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक जगन्नाथ गुरैया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, कार्यक्रम संयोजक यश अग्रवाल, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष जयसिंह राजा, और ST मोर्चा के जिला महामंत्री कृष्णा दीवान की सक्रिय भूमिका रही। सभा में देवरी, बंडा, रहली सहित सागर जिले के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

