सिवनी: स्कूल परिसर में फंदे पर झूलती मिली युवती, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
सिवनी: स्कूल परिसर में फंदे पर झूलती मिली युवती, जांच में जुटी पुलिस


सिवनी, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र के ग्राम डोला स्थित माध्यमिक शाला परिसर में मंगलवार सुबह एक युवती का शव फंदे पर झूलता हुआ मिला। घटना की जानकारी स्कूल पहुंचने के बाद बच्चों ने शिक्षकों को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची घंसौर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान मधु यादव (22) पुत्री सोहन यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। घटना की सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग के अधिकारी भी स्कूल पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। स्कूल के शिक्षक अशोक कुमार यादव के अनुसार, मंगलवार सुबह शिक्षक और बच्चे स्कूल पहुंचे थे। स्कूल का दरवाजा खुलने के बाद बच्चों की नजर फंदे पर झूलती युवती पर पड़ी। उन्होंने शोर मचाकर शिक्षकों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस स्कूल में मौजूद लोगों और घटना से जुड़े अन्य व्यक्तियों से भी जानकारी ले रही है।

मां स्कूल में करती हैं रसोइया का काम

मृतका की मां राजकुमारी यादव इसी स्कूल में रसोइया के रूप में कार्यरत हैं। परिजनों के अनुसार, मधु मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे घर से निकली थी। वह अक्सर अपनी मां के साथ स्कूल आती थी। परिजनों ने बताया कि मधु स्कूल के बच्चों के साथ घुल-मिलकर रहती थी और उन्हें डांस व गाने भी सिखाती थी। बच्चे उसे प्यार से 'मधु बुआ' कहकर बुलाते थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

मौत के कारणों की जांच जारी

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवती के स्कूल परिसर में पहुंचने से लेकर उसकी मौत तक की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। परिजनों, शिक्षकों और स्कूल से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story