सिवनीः वन्यप्राणी आंकलन के कारण 1 से 7 दिसम्बर तक पेंच टाइगर रिज़र्व सुबह 1 घंटे देरी से खुलेगा

WhatsApp Channel Join Now
सिवनीः वन्यप्राणी आंकलन के कारण 1 से 7 दिसम्बर तक पेंच टाइगर रिज़र्व सुबह 1 घंटे देरी से खुलेगा


सिवनी, 30 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में विश्वविख्यात पेंच टाईगर रिजर्व सिवनी में 1 से 7 दिसम्बर 2025 तक वन्यप्राणी आंकलन का कार्य किया जाएगा। इस दौरान पार्क के कोर एवं बफर दोनों परिक्षेत्रों में प्रातःकालीन सफारी का समय अस्थायी रूप से बदल दिया गया है।

पेंच टाईगर रिजर्व के उपसंचालक रजनीश कुमार सिंह ने रविवार को जानकारी दी कि मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र संचालक, पेंच टाइगर रिज़र्व द्वारा जारी आदेश के अनुसार निर्धारित समय की अपेक्षा पार्क 1 घंटे देरी से खुलेगा। अब सुबह की सफारी का प्रवेश समय 6:30 की जगह 7:30 बजे रहेगा।

वन विभाग ने समस्त रिसोर्ट/होटल संचालकों एवं जिप्सी संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे इस महत्वपूर्ण बदलाव की जानकारी पर्यटकों तक अवश्य पहुँचाएँ, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके साथ ही सभी परिक्षेत्र अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सफारी प्रवेश द्वारों पर सूचना बोर्ड लगाए जाएँ तथा अपने-अपने परिक्षेत्र में संचालित रिसोर्ट एवं जिप्सी संचालकों को आदेश की प्रति तामिल कराना सुनिश्चित करें।

वन विभाग ने बताया कि वन्यप्राणी आंकलन कार्य, जंगल में प्रजातियों की संख्या और उनकी गतिविधियों के वैज्ञानिक अध्ययन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए यह अस्थायी व्यवस्था अनिवार्य रूप से लागू की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रवि सनोदिया

Share this story