सिवनीः वायरल वीडियो मामले में बड़ी कार्रवाई, यातायात प्रभारी विजय बघेल निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
सिवनीः वायरल वीडियो मामले में बड़ी कार्रवाई, यातायात प्रभारी विजय बघेल निलंबित


सिवनी, 18 नंबवर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के चर्चित वायरल वीडियो प्रकरण में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। यातायात प्रभारी सिवनी, रक्षित निरीक्षक विजय बघेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। 18 नवंबर 2026 को जबलपुर जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से इस संबंध में आदेश जारी किया गया।

वायरल वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी एक होटल के कमरे में महिला और पुरुष के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक व्यवहार करते तथा उनके सामान में गांजा रखने की धमकी देते दिखाई देने का मामला सामने आया था। इस प्रकरण को लेकर जिले में लगातार चर्चाएं और सवाल उठ रहे थे।

इसी बीच आज शाम सिवनी के वकीलों ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए मध्य प्रदेश के पुलिस प्रमुख (पुलिस महानिदेशक) को एक पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी। वकीलों द्वारा लिखे गए पत्र में मामले को गंभीरता से लेने और संबंधित पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई गई थी।

इसके बाद देर शाम पुलिस विभाग की ओर से निलंबन का आदेश जारी होने की खबर सामने आई। ऐसे में माना जा रहा है कि वकीलों द्वारा पुलिस प्रमुख को भेजे गए पत्र और मामले को लेकर बढ़ते दबाव के बीच यह कार्रवाई हुई है। हालांकि, निलंबन आदेश में वकीलों के पत्र को कार्रवाई का कारण नहीं बताया गया है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर जोन से जारी आदेश के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक, छिंदवाड़ा रेंज के अंतरिम प्रतिवेदन के आधार पर प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण एवं घटना में संलिप्तता पाए जाने के चलते रक्षित निरीक्षक विजय बघेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

निलंबन अवधि में विजय बघेल को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा तथा उन्हें जबलपुर स्थित रिजर्व केंद्र में संबद्ध किया गया है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद सिवनी में वायरल वीडियो प्रकरण एक बार फिर चर्चा में है। अब लोगों की नजरें इस मामले की आगामी जांच और विभागीय कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रवि सनोदिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779484 Articles

Share this story