सिवनीः वर्ल्ड एड्स डे पर एआरटी सेंटर सिवनी में जागरूकता कार्यक्रम
सिवनी, 01 दिसंबर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के जिला चिकित्सालय में वर्ल्ड एड्स डे के अवसर पर एआरटी सेंटर सिवनी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ, समग्र विहान टीम और विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में नर्सिंग छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर एचआईवी/एड्स से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने तथा सुरक्षित व्यवहार, जांच और उपचार के महत्व का संदेश दिया। वहीं विद्यार्थियों ने पेंटिंग के माध्यम से जागरूकता को रेखांकित किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जयपाल सिंह ठाकुर ने कहा कि वर्ल्ड एड्स डे का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि समाज में मौजूद गलत धारणाओं को दूर करना भी है। उन्होंने बताया कि समय पर जांच और नियमित दवा से एचआईवी से पीड़ित व्यक्ति सामान्य जीवन जी सकता है।
सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार नावकर ने बताया कि एचआईवी परीक्षण, परामर्श और उपचार सेवाएँ सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निरूशुल्क उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि समाज को एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना रखनी चाहिए।
नोडल अधिकारी डॉ. जयज काकोडिया ने कहा कि जागरूकता वर्षभर चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच, समय पर इलाज और नियमित फॉलो-अप से जीवन पूरी तरह सुरक्षित रह सकता है।
परामर्शदाता अशोक गौवंशी ने एचआईवी से बचाव हेतु जागरूकता और समय पर जांच को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए युवाओं से सुरक्षित व्यवहार अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने एचआईवी/एड्स उन्मूलन के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रवि सनोदिया

