सिवनीः पेंच टाइगर रिज़र्व में ऑल इंडिया टाइगर एस्टीमेशन 2026 के फेज़-I फील्ड एक्सरसाइज़ सोमवार से

WhatsApp Channel Join Now
सिवनीः पेंच टाइगर रिज़र्व में ऑल इंडिया टाइगर एस्टीमेशन 2026 के फेज़-I फील्ड एक्सरसाइज़ सोमवार से


1 से 7 दिसंबर तक चलेगी गतिविधि, देशभर से आए 22 वॉलंटियर्स को मिला प्रशिक्षण

सिवनी, 30 नवंबर(हि.स.)। ऑल इंडिया टाइगर एस्टीमेशन 2026 की फेज़-I फील्ड एक्सरसाइज़ मध्य प्रदेश के सभी टाइगर रिज़र्व में 1 से 7 दिसंबर 2025 तक आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में यह महत्वपूर्ण जैव-विविधता मॉनिटरिंग गतिविधि पेंच टाइगर रिज़र्व (मध्यप्रदेश) में भी शुरू की जा रही है। इस हेतु 30 नवंबर को देशभर से आए स्वयंसेवकों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कुल 22 चयनित वॉलंटियर्स पेंच पहुंचे हैं, जो भारत के विभिन्न राज्यों और शहरों से आए हैं।

पेंच टाईगर रिज़र्व के उपसंचालक रजनीश कुमार सिंह ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष चयनित वॉलंटियर्स भारत की विविधता का उत्कृष्ट प्रतिनिधित्व करते हैं। ये 22 वॉलंटियर्स 13 राज्यों और 20 शहरों से हैं, जिनके पेशे भी अत्यंत विविध हैं —डॉक्टर, वेटरनरी डॉक्टर, शोधार्थी, ज्योतिषी, विद्यार्थी तथा अन्य प्रोफेशनल्स। इनकी मीडियन आयु 33 वर्ष है, जबकि सबसे कम आयु 21 वर्ष और सर्वाधिक 56 वर्ष है। यह विविध भागीदारी भारत की वन्यजीव संरक्षण भावना और सामाजिक सहभागिता को दर्शाती है।

आगामी एक सप्ताह तक चलने वाली इस फील्ड एक्सरसाइज़ में वॉलंटियर्स पेंच के प्रशिक्षित फॉरेस्ट स्टाफ के साथ मिलकर फुट सर्वे, साइन इंटरप्रिटेशन, हैबिटेट मूल्यांकन, डेटा संग्रह, तथा अन्य वैज्ञानिक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। पेंच प्रबंधन ने AITE के सफल संचालन हेतु सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं, जिनमें प्रशिक्षण कार्यक्रम, मैनपावर प्लानिंग और लॉजिस्टिक व्यवस्था शामिल हैं।

पेंच टाइगर रिज़र्व में चल रही इस अखिल भारतीय बाघ आकलन प्रक्रिया में वॉलंटियर्स का सक्रिय सहयोग, भारत में बाघों की निगरानी, वैज्ञानिक डेटा संग्रह तथा दीर्घकालिक संरक्षण प्रयासों को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रवि सनोदिया

Share this story