एमसीयू में जुटेंगे देशभर के वरिष्ठ परमाणु वैज्ञानिक, विद्यार्थियों से करेंगे सीधा संवाद

WhatsApp Channel Join Now
एमसीयू में जुटेंगे देशभर के वरिष्ठ परमाणु वैज्ञानिक, विद्यार्थियों से करेंगे सीधा संवाद


भोपाल, 13 अगस्त (हि.स.)। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में आगामी 17 अगस्त को परमाणु ऊर्जा और उसके उपयोगी पहलुओं को लेकर विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इंडियन न्यूक्लियर सोसाइटी, मुंबई द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के वरिष्ठ परमाणु वैज्ञानिक विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद करेंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में परमाणु ऊर्जा के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण और रुचि विकसित करना तथा इसके शांतिपूर्ण एवं जनहितकारी उपयोगों की जानकारी उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित होगा।

विश्वविद्यालय के जनसंपर्क विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. पवित्र श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम में इंडियन न्यूक्लियर सोसाइटी के वरिष्ठ सदस्य और देश के प्रमुख परमाणु वैज्ञानिक सहभागिता करेंगे। इनमें भारतीय परमाणु ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े पूर्व विशिष्ट वैज्ञानिक एवं इंडियन न्यूक्लियर सोसाइटी के अध्यक्ष विजय कुमार मनचंदा, सेवानिवृत्त एसोसिएट निदेशक एवं उत्कृष्ट वैज्ञानिक ऋषिकेश मिश्रा, परमाणु ऊर्जा निगम लिमिटेड के सेवानिवृत्त एसोसिएट निदेशक एवं उत्कृष्ट वैज्ञानिक अनादि कुमार सिन्हा, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक अर्चना मिश्रा तथा परमाणु ऊर्जा निगम लिमिटेड के पूर्व वैज्ञानिक एवं इंडियन न्यूक्लियर सोसाइटी के कोषाध्यक्ष ओ.पी. राय शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय के शिक्षकों को परमाणु विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हुई प्रगति से अवगत कराएंगे। चर्चा में परमाणु तकनीक के विभिन्न जनोपयोगी क्षेत्रों में इस्तेमाल पर विशेष जोर रहेगा।

वैज्ञानिक कृषि, स्वास्थ्य सेवा, खाद्य संरक्षण और जनसंचार माध्यमों सहित विभिन्न क्षेत्रों में परमाणु विज्ञान की भूमिका और उससे हुए बदलावों की जानकारी देंगे। इसके साथ ही स्वच्छ, हरित और सुरक्षित विद्युत उत्पादन में परमाणु ऊर्जा के महत्व पर भी चर्चा होगी।

कार्यक्रम में परमाणु ऊर्जा तकनीक से जुड़े वैज्ञानिक पहलुओं के साथ आम लोगों तक इसकी सही और तथ्यपरक जानकारी पहुंचाने में जनसंचार माध्यमों की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। विशेषज्ञ विद्यार्थियों को बताएंगे कि विज्ञान एवं तकनीक से जुड़े विषयों को समाज तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मीडिया किस तरह महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

विश्वविद्यालय में आयोजित यह संवाद विद्यार्थियों को देश के वरिष्ठ परमाणु वैज्ञानिकों से सीधे बातचीत करने और परमाणु विज्ञान एवं ऊर्जा क्षेत्र की संभावनाओं को समझने का अवसर प्रदान करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story