अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट के लिए मध्यप्रदेश पुलिस की टीम का चयन शुरू

WhatsApp Channel Join Now
अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट के लिए मध्यप्रदेश पुलिस की टीम का चयन शुरू


भोपाल, 16 नवंबर (हि.स.)। मुंबई में आगामी दिसंबर में आयोजित होने वाली 70वीं अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट के लिए मध्य प्रदेश पुलिस की टीम का चयन शुरू हो गया है। इसके लिए सोमवार को राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट 2026-27 का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जोन से चयनित 91 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें निरीक्षक से लेकर आरक्षक स्तर तक के पुलिसकर्मी शामिल हैं।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं के.पी. वेंकटेश्वर राव के नेतृत्व और पुलिस उप महानिरीक्षक साकेत प्रकाश पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता के जरिए प्रदेश की टीम चुनी जाएगी। उल्लेखनीय है कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से मुंबई में 15 से 20 दिसंबर 2026 तक 70वीं अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट का आयोजन किया जाएगा। इसमें देशभर की पुलिस टीमें अपनी तकनीकी और अनुसंधान संबंधी दक्षता का प्रदर्शन करेंगी।

तीन विधाओं में हो रही प्रतियोगिताएं

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मुख्य रूप से साइंटिफिक एड्स टू इन्वेस्टिगेशन, पुलिस फोटोग्राफी और पुलिस वीडियोग्राफी की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। इनके माध्यम से प्रतिभागियों के तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक कौशल, सूक्ष्म निरीक्षण क्षमता और कार्यकुशलता का परीक्षण किया जा रहा है।

प्रतियोगिता के तहत क्राइम सीन फोटोग्राफी, प्रोफेशनल पुलिस फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, फिंगरप्रिंट लिफ्टिंग, पैकिंग एवं फॉरवर्डिंग सहित वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन और अपराध अनुसंधान से जुड़ी विभिन्न विधाओं में प्रतिभागी अपनी दक्षता दिखा रहे हैं।

विशेषज्ञों का निर्णायक मंडल करेगा मूल्यांकन

प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष और विशेषज्ञतापूर्ण मूल्यांकन के लिए एफएसएल विशेषज्ञों, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी विशेषज्ञों, मेडिको लीगल विशेषज्ञों तथा विधि एवं अभियोजन विशेषज्ञों का निर्णायक मंडल गठित किया गया है। विशेषज्ञ दो दिनों तक प्रतिभागियों की सैद्धांतिक जानकारी और व्यावहारिक दक्षता का आकलन कर रहे हैं। वहीं आयोजन में एफएसएल और पुलिस मुख्यालय की फोटो शाखा का विशेष तकनीकी सहयोग मिल रहा है।

17 नवंबर को होगा समापन

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार, राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट का समापन 17 नवंबर को भोपाल स्थित स्टेट कमांड सेंटर में होगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का चयन मुंबई में होने वाली अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट के लिए किया जाएगा। चयनित टीम राष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश पुलिस का प्रतिनिधित्व करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778177 Articles

Share this story