मंदसौर के पी.एम. कॉलेज की रासेयो इकाई के पांच एन.एस.एस. स्वयंसेवकों का चयन
मंदसौर, 20 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री कॉलेज आॅफ एक्सीलेंस, राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मंदसौर के राष्ट्रीय सेवा योजना के पांच स्वयंसेवकों का मध्य प्रदेश शासन की माँ तुझे प्रणाम योजना के अंतर्गत चयन हुआ है। चयनित स्वयंसेवकों में विनय शर्मा, धीरज प्रजापत, सत्यप्रकाश, महेंद्र गरासिया एवं अंकित धाकड़ शामिल हैं।
योजना के अंतर्गत चयनित स्वयंसेवक 21 सितंबर को मंदसौर से पन्ना एवं खजुराहो के लिए रवाना होंगे। भ्रमण के दौरान वे प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत को प्रत्यक्ष रूप से जानने-समझने का अवसर प्राप्त करेंगे। यह यात्रा युवाओं को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ने के साथ उनमें राष्ट्रभावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक दायित्व की भावना को सुदृढ़ करने में सहायक होगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे. एस. दुबे ने चयनित स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे अनुभवात्मक भ्रमण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे विद्यार्थियों को इतिहास और संस्कृति को पुस्तकों के साथ-साथ प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से समझने का अवसर मिलता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

